क़तर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुर रहमान आले सानी और तुर्क मंत्री हाकान फिदान ने दोहा में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए जारी प्रयासों का समर्थन करते हुए युद्ध के फिर से भड़कने को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अल जज़ीरा के अनुसार कतर के विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुर रहमान आले सानी ने अपने तुर्की समकक्ष हाकान फिदान के साथ दोहा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा: “फिदान की यह यात्रा दोनों देशों के बीच लगातार परामर्श और क्षेत्र में जारी गंभीर परिस्थितियों के संदर्भ में हो रही है। उन्होंने कहा कि “हमने फिदान के साथ खाड़ी देशों पर युद्ध के आर्थिक प्रभावों की समीक्षा की। क्षेत्र इस समय बेहद संवेदनशील परिस्थितियों से गुजर रहा है, जिसके लिए भाईचारे और मित्र देशों के बीच परामर्श आवश्यक है।
कतर के विदेश मंत्री ने कहा कि हम खाड़ी सहयोग परिषद और क्षेत्रीय देशों के साथ समन्वय जारी रखे हुए हैं ताकि स्थिरता की वापसी के लिए सर्वोत्तम समाधान तक पहुंचा जा सके। कतर और तुर्की, पाकिस्तान की मध्यस्थता का समर्थन करते हैं, जिसका उद्देश्य युद्ध समाप्त करना और हुर्मुज को खोलना है।
उन्होंने कहा कि“हम युद्ध की दोबारा वापसी के समर्थक नहीं हैं और पाकिस्तान की भूमिका क्षेत्र और दुनिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक है। कतर और तुर्की इन प्रयासों का समर्थन करते हैं और जल्द से जल्द समाधान तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान की कूटनीति का समर्थन करते हैं।
आले सानी ने कूटनीतिक समाधान पर जोर देते हुए कहा: “हमारी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि युद्ध दोबारा शुरू न हो। हुर्मुज़ जलडमरूमध्य में जो कुछ हो रहा है, वह तनाव कम करने में मदद नहीं करता और ईरान को इस जलडमरूमध्य को हथियार के रूप में इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।”
आपकी टिप्पणी